Friday, 30 December 2011

घोड़ों का अर्ज़ीनामा



घोड़ों का अर्ज़ीनामा

हुज़ूरे आला,
पेशे ख़िदमत है
दरबारे आम में
हमारा यह अर्जीनामा ---
कि हम थे कभी
जंगल के आजाद बछेरे.
किस्मत की मार
कि एक दिन
काफ़िले का सौदागर
हमें जंगल से पकड़ लाया.
उसके तबेले में
बंधे पाँव
कुछ दिन
हम रहे बेहद उदास.


रह-रह कर
याद आये हमें
नदी-नाले
जंगल-टीले-पहाड़,
रंगीन महकती वादियाँ,
हरे-भरे खेत
औ ' मैदान
वे सुनहरे दिन
वे रुपहली रातें
जब मौजो-मस्ती में
बेफ़िक्र हम
मीलों निकल जाते थे,
जब
धरती और आसमान के बीच
ज़िन्दगी हमारी
आज़ादी का
दूसरा नाम थी.

       *

तो हुज़ूर
कैदे आज़ादी के एहसास से
कुछ कम जो हुई
आँखों कि नमी
तो भूख-प्यास जगी
जो भूख-प्यास जगी
तो मजबूरन
हमने
अपना आबो-दाना कुबूल किया.
फिर
सधाया गया हमें
सौदागरी अंदाज़ में,
सिखाई गयी चालें
हुनर और करतब,
घोड़ों की जमात में
अब
हम थे नस्ले-अव्वल
बेहतरीन-जाबाज़ घोड़े.

फिर
एक दिन
किया गया पेश
हमें
निज़ामे-शाही के दरबार में.
पुरानी मिस्लों में
दर्ज़ हो शायद
हमारी वह दास्तान
कि जब
सूरज गुरूब होने तक
बीस शाही घुड़सवार
लौटे थे नाकाम
हमें पकड़ पाने में
तो अगले रोज़
आला-हुज़ूर ने
सौ दीनार के बदले
हमें ख़रीदा था,
थपथपाई थी
हमारी पीठ.

उसके बाद
तो हुज़ूर
राहे-रंगत ही
बदल गयी
हमारी ज़िन्दगी की.
अब हम
आला-हुज़ूर की
सवारी के
खासुल-खास
घोड़े थे.
सैर हो कि शिकार
या कि मैदाने जंग,
दिलो-जान से
अंजाम दी हमने
अपनी हर खिदमत.
आला हुज़ूर का
एक इशारा पाते ही
हम
दुश्मन के
तीर-तलवारों
तोप-बंदूकों
बर्छी-भालों की
परवाह किये बिना
आग और खून के
दरिया को चीरते हुए
साफ़-बेबाक
निकल जाते थे.
गुस्ताखी मुआफ,
आला हुज़ूर के
आसमानी इरादों को
कामयाबी
और फतह का
सेहरा पहनाने में
हमारा भी
एक किरदार था
तवारीख के
सुनहरे हाशियों से अलग.

हुज़ूर
कभी-कभी हमें
याद आते हैं
वे शाही जश्नों-जलूस,
लाव-लश्कर,
राव-राजे,
शहजादे
फर्जी और प्यादे,
राग-रंग की
वे महफिलें,
वो इन्दरसभा
वो जलवागाह
कि जिस पर
फरिश्तें भी करें रश्क़.
क्या ज़माना था, हुज़ूर,
क्या रातबदाना था.

*  *  *

हुज़ूर
दौरे-जहाँ में
देखा है ज़माना हमने
वतनपरस्तों की
सरफरोशी का.
फिर
देखा है मंज़र
उस
सियासी आज़ादी का
जो
बंटवारे की कीमत पर
सदियों पुराने भाईचारे
और इंसानियत के
खून में नहाकर
आई थी.

फिर
देखी है शहादत
उस बूढ़े फ़कीर की
जिसके सीने को
चाक कर गयीं थीं
तीन गोलियां
मौजूद है जो
हमारे
क़ौमी अजायबघर में.

हुज़ूर,
सुनी हैं तकरीरें
हमने
साल-दर-साल
रहनुमाओं की,
देखें हैं ख्वाब
अमनपसंदी
और खुशहाली के
एक जलावतन
बादशाह की
लाल महराबों से.

हुज़ूर,
अस्तबल से ख़ारिज
हादसे-दर-हादसे
ज़िन्दगी हमारी
कुछ इस तरह गुज़री
कि फिलवक्त हम
मीरगंज की रेहड़ी में
जुते घोड़े हैं
ज़िन्दगी से बेज़ार
पीठ पर
चाबुक की मार
जिन्स और असबाब
सवारियाँ बेहिसाब,
भागम-भाग,
सड़ाप!
सड़ाप!!

हुज़ूर,
ज़िन्दगी औ'  ज़िल्लत में,
जुर्म औ' सियासत में,
अब
ज्यादा फर्क
नहीं रहा.

आखिरत
ये इल्तिजा है  हमारी
कि हमें
गोली से
उड़ा दिया जाये
ताकि हमारी
जवान होती नस्लें
देख सकें हश्र
हमारी
बिकी हुई आज़ादी का,
खिदमत गुजारी का.

हुज़ूर
बाद सुपुर्दे ख़ाक
लिखवा दिया जाए
एक पत्थर पर
दफ़्न हैं यहाँ
वे घोड़े
जो हवा थे
आसमान थे
हयाते दरिया की
रवानी में
मौत ज़िन्दगी का
मुकाम सही
ज़िन्दगी
मौत की गुलाम नहीं.


--------------- प्रेम शर्मा






मेरे कबीरपंथी, सूफी गीतकार पिता की लिखी अलग मिजाज़ की यह कविता... 'घोड़ों का अर्ज़ीनामा', जिसके बारे में आलोचक सुरेश सलिल जी ने कहा था कि " कथन-भंगिमा और शब्द-विन्यास में इसे पढ़ते हुए निराला की 'कुकुरमुत्ता' और मजाज़ की 'आवारा' मानस में कौंध सकती है." ...... फेसबुक पर आप सभी मित्रों के साथ साँझा कर रही हूँ... आज के इस मुश्किल वक़्त  में, जब मानवीय मूल्य और सरोकार तेजी से ध्वस्त हो रहे हैं.. इस कविता को एक सटीक बयान के तौर पर देखा जा सकता है...
















Thursday, 17 November 2011

'मौला मेरी इतनी अरज सुन लीजो'

'मौला मेरी इतनी अरज सुन लीजो'


अपनी सालगिरह का दिन इस बार
निज़ामुद्दीन में बिताना चाहती हूँ
भीड़-भरी उन गलियों से गुज़रते हुए
जहां तबर्रुक बेचती औरतें
बार-बार आवाज़ लगाकर मुझसे
दोना भर फूल और बताशे
खरीदने पर जोर देती होंगी
मैं चुपचाप
ग़ालिब की मज़ार
के सामने जा खड़ी होऊँगी
संगमरमर की सफेदी को और ज्यादा
शफ्फाक बनाती
दिसम्बर की हल्की धूप में
बेलौस बतियाऊंगी उस अज़ीम शायर से

इधर-उधर की बातों के दरम्यान
बिंदास उन्हें बताऊंगी -
'धरती पर आने के लिए हम दोनों ने
साझा दिन पसंद किया,
जाते साल के आखिरी दिनों में से यही एक दिन
उन्हें सलाम-ए-अक़ीदत पेश करने के लिए
मैंने चुना है.

तभी तनिक दूर विराजे अमीर ख़ुसरो दिख जायेंगे,
ग़रीबनवाज़ की मजार के सामने बैठे
अपनी रौ में गुनगुनाते हुए,
'गोरी सोवत सेज पर,
मुख पर डाले केस,
चल ख़ुसरो घर आपने
रैन भई चहुँ देस'
कहकर ग़ालिब को ख़ुदा हाफिज़
मिलूंगी बाबा ख़ुसरो से

कहूँगी उनसे कि
आज भी उनके इस मुल्क़ में
हिंदी-उर्दू सियासत का दौर जारी है
लेकिन मेरी कविताओं में
उर्दू के तमाम शब्द
बहुत शाइस्तगी और सहजता से आ बैठते हैं
उन लफ्जों को बदलना चाहूं भी तो
हिंदी के पर्यायवाची ज़रा नहीं फबते उनकी जगह.

अंतर्मन भले ही लाख बरजे मुझे
लेकिन पूछूंगी ज़रूर उनसे
'मुझे मेरी जुबान देने वाले,
तुम्हारी मादर-ए-जुबान में रखती हूँ अपने बच्चों के नाम
तो लोगों के माथे पर शिकन क्यों होती है?
क्यूँ उनके चेहरे पर अनलिखे से कई
प्रश्न सिकुड़ आते हैं?'
मेरे सवालों के जवाब ढूँढने में व्यस्त
बाबा चुपचाप आँखे मूँद लेंगे
उन्हें गहरी सोच में डूबा देख
रुखसत लूंगी उनसे
और आ निकलूंगी
हज़रत निज़ामुद्दीन की तरफ

खुदाया, क्या निराला मंज़र होगा वह भी!
क्या हिन्दू, क्या मुसलमान
सभी के सिर रूहानी अक़ीदे से झुके होंगे
आपकी सल्तनत में साहेब
आदमी-आदमी के बीच का फ़र्क गुरूब हो जाता है
सभी तो एक नज़र आते हैं
श्रद्धा और रुहानियत से लबरेज़
दिलों में बिला-फर्क हरेक की सलामती की दुआ
हिन्दू या मुसलमान होने का चश्मा उतार कर
सिर्फ बन्दे के तौर पर खुद को देखने की सलाहियत
यहीं, निज़ामुद्दीन में दिखती है

'मौला, मेरी इतनी अरज सुन लीजो'
दरगाह के कोने में बैठे क़व्वाल की आवाज़
ऊँची और ऊँची होती आहंग की तरह
मुझे छू रही होगी
आप तो जानते ही हैं, ख्वाज़ा साहेब
उस वक़्त मेरे होंठों पर भी एक दुआ होगी
'मेरे हिंदुस्तान को गुजरात की रात नहीं,
दिल्ली के निज़ामुद्दीन सरीखे गुनगुने दिन बख्श, मौला'

--- ऋतुपर्णा मुद्राराक्षस

Tuesday, 20 September 2011

'स्पर्श'

'स्पर्श'

समुद्र की अथल गहराइयों के
गाढ़े खारेपन में
शैवाल से ढकी चट्टानें स्पंदित होती हैं
मैं उन्हें पक्ष्मों से छूना चाहती हूँ.

Friday, 26 August 2011

'किताबें होती लड़की'

'किताबें होती लड़की'

किताबों से अटी 
घर की कार्निस, मेजें और अलमारियां                                                      
पिता के किताबों से गहरे लगाव की
मौन पुष्टि करती थीं. 
घर के कमरे
किताबों के अभाव में रूखे दिखते हैं
पड़ोसियों और दोस्तों के घर जाकर                 
जाना लड़की ने
महंगे सजावटी सामान से सजे
वे कमरे                                                                                   
लड़की को थके और निष्प्रभ लगते.

पढ़ने  की लत,  लड़की को पिता से मिली थी
खाने की मेज़ पर,  माँ की डांट भी
उसे किताबों से दूर नहीं रख पाती
खाना खाते वक़्त, आज भी
लड़की जब कुछ पढ़ती है
माँ की अदृश्य आवाज़ में उलाहना सुन ही लेती है.

इतिहास की पुस्तकें पढ़ना
लड़की को पसंद आता
लेकिन दर्शन
सिर के ऊपर से निकल जाता
और साहित्य में,
कविता, कहानी, उपन्यास सभी कुछ भाता.

घर में पत्रिकाएँ भी खूब आतीं
'धर्मयुग' और 'साप्ताहिक हिंदुस्तान' से
दोस्ती उन वक्तों से थी
जबसे लड़की ने
अक्षर-अक्षर मिलकर शब्द पढ़ना सीखे
लड़की को याद है,
चार-पांच बरस की रही होगी वह
आबिद सुरती घर आये थे तब 
पिता से मिलने
ढब्बू जी ने
'धर्मयुग' के पृष्ठों से बाहर निकल
थोड़ी जगह लड़की की कॉपी में
तलाश ली थी
और लड़की ने 'कॉपी के ढब्बू जी' को
अपने सभी दोस्तों से मिलवाया था

उम्र बढ़ी, सोच का दायरा बढ़ा
किताबों के सान्निध्य  ने
लड़की को  शफ्फाक शीशे की मानिंद
पारदर्शी तार्किकता दी.

समय की सीढ़ियाँ चढ़ते-चढ़ते 
वह दिन भी आया
जब लड़की ने अपना अलग घरौंदा बनाया 
किताबों से दोस्ती
टूटी नहीं तब भी
पिता जब भी नई किताब खरीदकर लाते
लड़की प्रफुल्लित हो जाती.
किताब पढने के बाद,
पिता-बेटी तन्मयता से
सविस्तार चर्चा करते उसपर
लड़की की समझ पर
पिता गर्वित हो उठते
और अक्सर ऐसे मौकों पर
भावुक हो लड़की को
अपना बौद्धिक वारिस बताते 
उनके जाने के बाद, उनकी किताबें
लड़की की धरोहर हैं,
पिता लड़की से कहा करते
लड़की सुनती और मुस्कुरा देती.

माँ गईं, फिर अनंत शून्य
पिता को भी लील गया.
लड़की ने महसूस किया
पिता के अवसान पर,
उसके रुदन में
पिता की किताबों का स्वर
सम्मिलित था.

माँ-पिता की गृहस्थी
मकान, घरेलू सामान,
रुपए-पैसे और गहनों में
तब्दील हो गई थी
जिसे तकसीम होना ही था
लड़की और उसके सहोदरों के मध्य
उस दिन, लड़की ने क्षण-भर सोचा
और अपने हिस्से में  धूप की तरह 
पिता की कुछ किताबें मांग ली.
इसे लड़की की नासमझी
और गैर -दुनियादाराना रवैये
की नज़र से देखा गया
लेकिन लड़की जानती थी
पिता अपना बौद्धिक उत्तराधिकारी
उसे ही मानते थे
उनकी बौद्धिक संपत्ति पर
हक़ उसी का था.

पिता की वे किताबें
लड़की ने
शादी में मिली माँ की साड़ियों सी
सहेज-संभालकर रखी हैं
पिता याद आते हैं  जब भी
उनकी किताबें
लड़की को पास बुला लेती हैं 
किताबें
जिनके पहले पन्ने पर                                                          
पिता के हस्ताक्षर में निहित
उनकी अशेष स्मृतियाँ
दोहराती हैं - 
शब्द ही शाश्वत हैं,
अक्षुण्ण हैं,  उम्र की जद से परे.
लाल फूलों से खिलते हैं
सृजन और विचार
शब्दों में ही!

Friday, 5 August 2011

तुम्हारा साथ मेरी सबसे कीमती , सबसे सुन्दर धरोहर है



तुम्हारे साथ पहाड़ी जगहें देखी है मैंने
और रेतीला समुद्र भी 
इन जगहों पर तुम्हारा साथ 
मुझे पृथ्वी सा विस्तार देता है
मन की भीतरी परतों में नया सूरज उग आता है
मैं बार- बार कहती हूँ, खुद से,
'तुम्हारा साथ मेरी सबसे कीमती , सबसे सुन्दर धरोहर है...'

आसमान की नीली चादर पर टंके तारों से बतियाया है
तुम्हारे साथ ,
और रात ने मुझमें से गुजरकर 
नए  नक्श गढ़े हैं
ऐसी ही रातें होती है जब मैं 
हथेलियों में मुलायम ऊष्मा समेटती हूँ
नम रेत पर युगों तक वह रात नदी बनकर बहती है .




Wednesday, 3 August 2011

'मैं...तुमसे प्रेम करता हूँ'

'मैं...तुमसे प्रेम करता हूँ'

मैं
तुमसे प्रेम करता हूँ इसलिए 
तुम मेरा घर संभालो 
मद्धिम आंच में सिंझी तरकारी और
भाप उगलती, नर्म चपातियाँ पकाओ मेरे लिए
--- पुरुष ने कहा, स्त्री ने सुना.

मैं
तुमसे प्रेम करता हूँ इसलिए 
तुम मेरे बच्चे संभालो 
सही संस्कार और गुण बोओं उनमें 
उन्हें दुनिया का सामना करना सिखाओ 
मैं फख्र से कह सकूँ -- मेरी संतति हैं ये 
--- पुरुष ने कहा , स्त्री ने सुना.

पुरुष ने कहा,
'सुनो, मैं तुमसे प्रेम करता हूँ  इसीलिए कहता हूँ 
तुम महफूज़ हो मेरे बनाये दायरों में 
मत झांको , इस दहलीज़ के बाहर
बाहर की दुनिया में
अन्याय है , असमानता है , शोषण है'
स्त्री ने सुना यह भी
लेकिन इस बार, एक तिर्यक लकीर 
स्त्री के अधरों पर खिंची थी. 

Wednesday, 27 July 2011

' एक और उम्र चाहिए मुझे...'



एक और उम्र चाहिए मुझे...


एक और उम्र चाहिए मुझे
फिर से यह कहानी दोहरा सकूँ
इन बैचैन से ख्यालों को बोने के लिए
नए चाँद के उगने तक परती ज़मीन तलाश सकूँ

धीमी आवाज़ में ये सिकुड़न , ये सिलवटें न हों 
जो वक़्त जिया है तुम्हारे साथ 
उसे शब्दों का बेबाक़ लिबास ओढ़ा सकूँ
खिड़की  के कांच पर जमी स्मृतियों को 
अपनी उँगलियों की छुअन से चौका दूँ 
और बारिश जब भी छूना चाहे क्षितिज की लालिमा
मेरे मन की दीवारें तुम्हारे अहसास की नमी से भीगी हों 

शब्दों की पगडंडियों से एक और उम्र नापने की चाहना
रूखी रेत सी मेरे भीतर ठहर जाती है
उस सुनसान रात 
पहाड़ों पर बिखरी बर्फ की मानिंद
तुम चुपचाप अपनी उपस्थिति दर्ज करा जाते हो.